जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में बुधवार को एक गरिमामय नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न शैक्षिक पदों पर चयनित 149 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, भोजपुर विधायक नागेन्द्र सिंह राठौर, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचन्द्र वर्मा सहित जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिससे पूरे वातावरण में गरिमा और उत्साह का संचार हुआ।read more:https://khabarentertainment.in/the-birth-anniversary-of-the-constitution-maker-was-celebrated-in-ward-number-18-of-the-city/जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में 106 ईसीसीई एजूकेटर, 8 ब्लॉक/जिला परियोजना से जुड़े कार्मिक, 14 तकनीकी अनुदेशक तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के लिए 21 कार्मिकों सहित कुल 149 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने नवचयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी को निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। जनप्रतिनिधियों ने भी अपने संबोधन में अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रारंभिक शिक्षा किसी भी समाज की नींव होती है। उन्होंने शिक्षकों से अपेक्षा की कि वे पूरी लगन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो सके। कार्यक्रम का संचालन आकाश मिश्रा द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।