सीएचसी में मासूम की पायल चोरी, भीड़ ने महिला को दबोचा

Share
कायमगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शुक्रवार को एक शर्मनाक घटना सामने आई, जहां इलाज कराने आई एक मासूम बच्ची की चांदी की पायल चोरी कर ली गई। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर एक महिला ने बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया, लेकिन अस्पताल में मौजूद लोगों की सतर्कता के चलते आरोपी ज्यादा देर तक बच नहीं सकी। लोगों ने पीछा कर महिला को पकड़ लिया और उसके पास से चोरी हुई पायल बरामद कर ली।जानकारी के अनुसार, अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव विजयदेपुर निवासी मीनू अपनी करीब एक वर्षीय बेटी को इलाज के लिए कायमगंज सीएचसी लेकर आई थीं। महिला चिकित्सक को दिखाने के बाद वह दवा लेने के लिए पर्चा काउंटर के बाहर लाइन में खड़ी थीं। उस समय अस्पताल में काफी भीड़ थी और मरीज अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।read more:https://worldtrustednews.in/tb-department-taught-tb-lesson-to-asha-sisters/
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान एक संदिग्ध महिला धीरे-धीरे बच्ची के करीब पहुंची। पहले उसने बच्ची को बहलाने के लिए दो रुपये का सिक्का दिया और फिर मौका पाकर बड़ी सफाई से उसके पैर से चांदी की पायल उतार ली। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से निकलने का प्रयास करने लगी।कुछ देर बाद जब बच्ची की मां मीनू की नजर बेटी के पैर पर पड़ी तो पायल गायब देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत शोर मचाया, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्ध महिला की तलाश शुरू कर दी।बताया जाता है कि शक के आधार पर अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर मौजूद एक महिला को पकड़ लिया गया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से बच्ची की चोरी हुई चांदी की पायल बरामद हो गई। पायल मिलते ही लोगों में आक्रोश फैल गया और भीड़ ने महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।सूचना मिलते ही कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अंकुर भाटी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया गया है कि पीड़िता मीनू इन दिनों अपने मायके कायमगंज क्षेत्र के गांव हंसापुर गौराई में रह रही थीं।कस्बा चौकी प्रभारी अंकुर भाटी ने बताया कि महिला से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।>अस्पतालों में बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोग चिंतित <दिनदहाड़े अस्पताल परिसर में हुई इस घटना के बाद मरीजों और तीमारदारों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में भीड़ का फायदा उठाकर चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जबकि सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर बनी हुई है। लोगों ने अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध लोगों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *