बहराइच ( पयागपुर )। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पयागपुर में आगामी 8 अक्टूबर 2026 को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करना है।सीएचसी पयागपुर के प्रभारी डॉ. धीरेंद्र कुमार तिवारी ने क्षेत्रवासियों से रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवनदान दिया जा सकता है। स्वस्थ एवं इच्छुक व्यक्ति आगे आकर इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दें।उन्होंने बताया कि 8 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पयागपुर परिसर में रक्तदान शिविर आयोजित होगा। इच्छुक रक्तदाता निर्धारित तिथि को सीएचसी पहुंचकर रक्तदान कर सकते हैं। डॉ. तिवारी ने कहा कि एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी दूसरे परिवार के लिए उम्मीद और जीवन की नई किरण बन सकता है।