गाजीपुर। महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर जनपद में मिशन शक्ति फेज-6 अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसके तहत गुरुवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।अभियान के दौरान पुलिस बल ने सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर महिला सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी। वहीं एंटी रोमियो टीमों ने भी सभी थाना क्षेत्रों के संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ ही शोहदों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान आगे भी जारी रहेगा।