गाजीपुर, प्रदेश सरकार के स्टांप तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल की अध्यक्षता में जिला पंचायत के कार्यों की समीक्षा बैठक जिला पंचायत सभागार में संपन्न हुई। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनपद में संचालित सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए। विकास कार्यों की कार्ययोजना तैयार करते समय आपसी समन्वय बनाए रखें, ताकि योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।मंत्री ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार ग्राम सचिवालयों के माध्यम से कराया जाए। इसके साथ ही गांवों की दीवारों पर पेंटिंग के जरिए सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर ग्रामीणों को जागरूक किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका असर धरातल पर भी दिखाई देना चाहिए।बैठक में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मंत्री को अवगत कराया कि जनपद के विभिन्न विकासखंडों में खेल स्टेडियम, अमृत सरोवर और विद्यालयों के कायाकल्प सहित अन्य विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इस पर मंत्री ने स्वीकृत कार्यों को तेजी से पूरा कराने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि स्वीकृत कार्ययोजनाओं के तहत टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर क्षेत्र पंचायत एवं ग्राम पंचायतों के विकास कार्य समयबद्ध ढंग से संपन्न कराए जाएंगे। उन्होंने मंत्री को भरोसा दिलाया कि उनके निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।