मुख्तार अंसारी गैंग के शार्प शूटर अंगद राय की पत्नी के नाम दर्ज सात करोड़ की संपत्ति कुर्क

Share
गाजीपुर। माफिया मुख्तार अंसारी के आईएस-191 गैंग के शार्प शूटर अंगद राय उर्फ झूलन के खिलाफ गाजीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। संगठित अपराध से अर्जित धन से उसकी पत्नी सरिता राय के नाम पर खरीदी गई करीब सात करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों को पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कुर्क कर जब्तीकरण की कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार, अंगद राय उर्फ झूलन पुत्र सर्वदेव राय निवासी शेरपुर खुर्द, थाना भांवरकोल, मुख्तार अंसारी गैंग का प्रमुख शार्प शूटर और सहयोगी रहा है। उसके द्वारा संचालित गैंग पर आपराधिक गतिविधियों के माध्यम से आर्थिक और भौतिक लाभ अर्जित कर लोक व्यवस्था को प्रभावित करने का आरोप है।इस मामले में 27 अक्टूबर 2026 को थाना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक की ओर से भेजी गई रिपोर्ट तथा पुलिस अधीक्षक की संस्तुति के आधार पर जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 की धारा 14(1) के तहत कुर्की का आदेश पारित किया था। इसी आदेश के अनुपालन में 18 नवंबर को संपत्तियों को कुर्क किया गया।read  more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/पुलिस के मुताबिक, कुर्क की गई संपत्तियों में मुहम्मदाबाद तहसील के मौजा गिरधरिया में दो भूखंड शामिल हैं। इनमें एक भूखंड 95.3 वर्ग मीटर तथा दूसरा 212 वर्ग मीटर का है। इसके अलावा मौजा हैदरिया में 80.15 वर्ग मीटर आवासीय भूमि भी शामिल है। ये संपत्तियां अंगद राय की पत्नी सरिता राय के नाम पर खरीदी गई थीं या दान के माध्यम से प्राप्त की गई थीं। इन सभी संपत्तियों की अनुमानित बाजार कीमत सात करोड़ रुपये बताई गई है।अंगद राय के खिलाफ गाजीपुर जनपद के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, अपहरण की साजिश, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में कुल 25 मुकदमे और एनसीआर दर्ज होने का उल्लेख पुलिस ने किया है।कुर्की की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दिनेश कुमार पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम तथा मुहम्मदाबाद के तहसीलदार महेंद्र बहादुर सिंह और राजस्व टीम की मौजूदगी में की गई।पुलिस की इस कार्रवाई को संगठित अपराध से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *