आपसी मतभेद भुलाकर फिर एक हुए पांच दंपती, परिवार परामर्श केंद्र ने कराई विदाई

Share
गाजीपुर। महिला सहायता प्रकोष्ठ एवं परिवार परामर्श केंद्र की पहल पर आपसी विवाद के चलते लंबे समय से अलग रह रहे पांच दंपतियों के बीच सुलह कराकर उन्हें फिर से एक साथ रहने के लिए राजी किया गया। गुरुवार को दोनों पक्षों की सहमति से पांच परिवारों की सकुशल विदाई कराई गई।पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 19 नवंबर को परिवार परामर्श केंद्र में पति-पत्नी के विवाद से संबंधित कुल 18 प्रकरणों की सुनवाई की गई। इस दौरान काउंसलरों ने दोनों पक्षों की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए आपसी मतभेद दूर करने का प्रयास किया। काफी समय से विवादित चल रहे पांच मामलों में दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर बिना किसी दबाव के राजी-खुशी साथ रहने के लिए तैयार किया गया। इसके बाद उनकी विदाई कराई गई।वहीं, चार प्रकरणों में आपसी सहमति बनने के बाद पत्रावली बंद कर दी गई। चार मामलों में विधिक सुझाव देते हुए पत्रावली बंद की गई, जबकि एक प्रकरण में दोनों पक्षों के उपस्थित नहीं होने पर पत्रावली बंद कर दी गई। शेष मामलों में मध्यस्थता की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित की गई।इस सराहनीय कार्य में काउंसलर विक्रमादित्य मिश्र, वीरेंद्र नाथ राम, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी नीतू मिश्रा, महिला आरक्षी रोली सिंह, संध्या, सविता, रागिनी चौबे और आरक्षी शिव शंकर यादव सहित अन्य पुलिसकर्मियों की प्रमुख भूमिका रही। महिला सहायता प्रकोष्ठ की इस पहल से पांच परिवारों में फिर से खुशियां लौट आईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *