विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर एडीजी वाराणसी जोन ने कसी कमर, नौ जिलों की पुलिस तैयारियों की समीक्षा

Share
गाजीपुर। आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, पारदर्शी और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में 18 नवंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें वाराणसी जोन के सभी नौ जनपदों में चुनावी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में पुलिस बल की उपलब्धता, जवानों की कार्यक्षमता और आगामी चुनाव में अतिरिक्त पुलिस बल की आवश्यकता का आकलन किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नागरिक पुलिस, सशस्त्र पुलिस, यातायात पुलिस, अभिसूचना इकाई, लिपिकीय संवर्ग और चालकों सहित सभी कर्मियों की स्थिति की समीक्षा कर ली जाए। शारीरिक रूप से कमजोर और अक्षम पुलिसकर्मियों को चिह्नित कर चुनाव ड्यूटी से मुक्त रखने की व्यवस्था की जाए।एडीजी ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान के लिए वल्नरेबिलिटी तथा क्रिटिकल मैपिंग का कार्य गंभीरता से पूरा कराने को कहा। साथ ही पुलिस लाइनों और थानों में उपलब्ध दंगा नियंत्रण उपकरणों की जांच कर उन्हें उपयोग योग्य, मरम्मत योग्य और निष्प्रयोज्य श्रेणियों में बांटने तथा खराब उपकरणों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए।पुलिस लाइन और थानों में उपलब्ध शस्त्रों का जीपी सूची से मिलान कराने के साथ उनकी जांच, साफ-सफाई, तेलिंग और आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया।
read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignetteउन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता और क्षेत्र की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सही व्यक्ति को सही स्थान पर तैनात किया जाए।बैठक में अर्धसैनिक बलों के ठहरने, भोजन, आवागमन और क्षेत्र में भ्रमण की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा थाना क्षेत्रों में सभी शस्त्र लाइसेंस धारकों का भौतिक सत्यापन कराने तथा उड़नदस्ता टीम, स्थैतिक निगरानी टीम, वीडियो निगरानी टीम और वीडियो अवलोकन टीम सहित विभिन्न चुनावी निगरानी इकाइयों को सक्रिय एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
नामांकन स्थलों, मतदान केंद्रों और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां समय से शुरू करने के साथ ही वांछित और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों का सत्यापन कर उनकी सूची तैयार करने तथा यक्ष ऐप को अद्यतन करने को भी कहा गया।एडीजी नवीन अरोरा ने स्पष्ट किया कि विधानसभा चुनाव एक महत्वपूर्ण और लंबी प्रक्रिया है। इसलिए सभी अधिकारी अभी से पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ तैयारियों में जुट जाएं। किसी भी स्तर पर व्यवस्थाएं अधूरी नहीं रहनी चाहिए, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव को पूरी तरह सुरक्षित, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके।समीक्षा बैठक में जोन के सभी परिक्षेत्रीय पुलिस उपमहानिरीक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक, नोडल चुनाव अधिकारी, चुनाव सेल प्रभारी, प्रतिसार निरीक्षक, रेडियो निरीक्षक, प्रभारी अभिसूचना इकाई और अग्निशमन अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *