बाल दिवस पर बच्चों ने सजाई खुशियों की रंगीन दुनिया, जैन शिशु सदन में लगा आकर्षक मेला

Share
शेरकोट । बाल दिवस के अवसर पर जैन शिशु सदन जूनियर हाईस्कूल में बच्चों के लिए बाल मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग किया। मेले में बच्चों की ओर से लगाए गए विभिन्न प्रकार के खानपान और स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यालय परिसर में बच्चों की हंसी-खुशी और उत्साह से माहौल खुशनुमा बना रहा।मेले में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता का परिचय देते हुए अलग-अलग प्रकार के खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए। बच्चों ने स्वयं स्टॉलों को सजाने से लेकर उनकी व्यवस्था संभालने तक की जिम्मेदारी निभाई। लोगों ने भी बच्चों के इस प्रयास की सराहना की। बाल मेले के माध्यम से विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। इस अवसर पर प्रधानाचार्या रक्षी परवीन, विद्यालय की एमडी सुमन जैन और सौरभ जैन ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियां भी जरूरी हैं। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय परिवार ने बाल मेले के सफल आयोजन पर खुशी जाहिर की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *