म्योरपुर, सोनभद्र। राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने महानिदेशक (बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा) मोनिका रानी तथा शिक्षा निदेशक माध्यमिक प्रताप सिंह बघेल से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। इस दौरान एलटी संवर्ग से प्रवक्ता संवर्ग में लंबित पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने और समूह ख में पदोन्नति के बाद ऑनलाइन पदस्थापन का विकल्प देने की मांग को प्रमुखता से रखा गया।संघ ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि पदोन्नति पाने वाले शिक्षकों को ऑनलाइन विकल्प के आधार पर पदस्थापित किया जाए। साथ ही एलटी से प्रवक्ता संवर्ग में अवशेष पदोन्नति की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर समयसीमा निर्धारित कर पूरा किया जाए तथा पात्र शिक्षकों की सूची जारी करने में आ रही प्रशासनिक बाधाओं और विसंगतियों को दूर किया जाए।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/ शिक्षा निदेशक के साथ करीब एक घंटे तक चली वार्ता में राजकीय माध्यमिक शिक्षकों को अन्य राजकीय कर्मचारियों की भांति एसीपी का लाभ देने, चार प्रतिशत विभागीय कोटे के तहत ऑफलाइन स्थानांतरण की व्यवस्था लागू करने और उत्तराखंड से आए शिक्षकों की ज्येष्ठता संबंधी विवाद का स्थायी समाधान करने की मांग भी उठाई गई। संघ के अनुसार, ज्ञापन स्वीकार करने के बाद शिक्षा निदेशक ने अपर शिक्षा निदेशक (राजकीय) अजय कुमार द्विवेदी को निर्देश दिया कि 13 नवंबर 2026 को सभी संबंधित अधिकारियों, आवश्यक अभिलेखों और सूचियों के साथ निदेशक कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, जिससे लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जा सके। प्रतिनिधिमंडल में प्रांतीय अध्यक्ष अशोक कुमार गौतम, प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सत्यम् शिवम् सुन्दरम्, प्रांतीय महामंत्री डॉ. अशोक कुमार अवाक, मुकेश चंद्र और अजय कुमार सिंह शामिल रहे।