भदोही। शासन की मंशानुरूप एसपी अभिनव त्यागी के निर्देशन तथा एएसपी शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में संचालित मिशन शक्ति अभियान (फेज 6.0) के तहत बुधवार को जनपद के समस्त थानों की एंटी रोमियो टीमों व महिला बीट अधिकारियों द्वारा बाजारों, स्कूल-कॉलेजों, कोचिंग एवं लाइब्रेरी संस्थानों तथा भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर सघन जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें छेड़छाड़, उत्पीड़न व साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, उत्तर प्रदेश शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, पॉक्सो एक्ट व कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। साथ ही जागरूकता पंपलेट वितरित किए और बिना किसी भय या संकोच के अपनी समस्या साझा करने का विश्वास दिलाया। पुलिस टीमों ने आपातकालीन सहायता के लिए प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों 1090 (वीमेन पावर लाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) व 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) के उपयोग के बारे में विस्तार से जागरूक किया, जो भदोही पुलिस की महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण प्रदान करने की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।