उन्नाव। दीपावली के पावन पर्व पर उन्नाव पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बच्चों और उनके परिवारों के साथ खुशियां साझा कीं। शनिवार को एसपी जय प्रकाश सिंह ने पुलिस अधिकारियों और वामा सारथी की पदाधिकारियों के साथ कोतवाली सदर क्षेत्र के करोवन गांव पहुंचकर बच्चों और उनके अभिभावकों से मुलाकात की। इस दौरान बच्चों को मिष्ठान और गिफ्ट हैंपर वितरित किए गए।कार्यक्रम में जनपदीय वामा सारथी अध्यक्ष नीतू सिंह, एसपी उत्तरी आयुष श्रीवास्तव और सीओ सिटी विनी सिंह मौजूद रहीं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों और उनके परिवारों से संवाद कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनके साथ त्योहार की खुशियां बांटीं।एसपी जय प्रकाश सिंह ने इस पहल के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों के बीच अपनत्व और सहयोग का संदेश दिया। उन्नाव पुलिस की यह पहल पुलिस और आमजन के बीच आपसी विश्वास, संवेदनशीलता और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में एक प्रयास रही।