पुरवा, उन्नाव। तहसील पुरवा में शनिवार को जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने तहसील क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। राजस्व, पुलिस, विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य और विद्युत सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत जिस श्रेणी से संबंधित है, उसका निस्तारण भी उसी के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। शिकायतकर्ता की संतुष्टि निस्तारण की प्राथमिकता होनी चाहिए। शासन की मंशा है कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान हो, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।डीएम ने विशेष रूप से राजस्व से जुड़े भूमि विवाद, पैमाइश, अवैध कब्जे और अन्य संवेदनशील मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित शिकायतों का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।