बलिया। नगर के विभिन्न स्थानों पर शुक्रवार को मां काली पूजनोत्सव के पश्चात भव्य जुलूस निकाला गया। शहर के महावीर घाट तथा बालेश्वर घाट पर विधि-विधान से मां काली की पूजा-अर्चना और आरती के बाद जुलूस की शुरुआत हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिला और हजारों की संख्या में लोग जुलूस में शामिल हुए।जुलूस में घोड़े, ऊंट, ढोल, तांसे, नगाड़े और डीजे आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। इसके साथ ही विभिन्न देवी-देवताओं एवं धार्मिक प्रसंगों पर आधारित भव्य झांकियां भी निकाली गईं, जिन्हें देखने के लिए शहर के विभिन्न मार्गों पर लोगों की भीड़ जुटी रही।
read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignetteजुलूस जैसे-जैसे आगे बढ़ता गया, श्रद्धालु मां काली के जयकारे लगाते रहे। जयकारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा भृगु क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।जुलूस में शामिल युवाओं और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। कई स्थानों पर लोगों ने जुलूस का स्वागत किया तथा मां काली की झांकी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। जुलूस के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक रंग का अद्भुत संगम देखने को मिला।महावीर घाट और बालेश्वर घाट से निकले जुलूस शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर पहुंचे, जहां धार्मिक अनुष्ठानों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। मां काली पूजनोत्सव को लेकर पूरे नगर में दिनभर उत्सव और श्रद्धा का माहौल बना रहा।