बलिया। पुलिस साइबर अपराध की घटनाओं के प्रति सतर्क है। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि बलिया पुलिस और यूपी पुलिस द्वारा सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से साइबर अपराधों के बारे में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।एसपी सिंह ने लोगों को आगाह किया कि किसी भी अनजान नंबर से आने वाले डॉक्यूमेंट या एपीके फाइल को डाउनलोड न करें। उन्होंने अज्ञात व्यक्तियों की व्हाट्सएप कॉल को भी सावधानी से उठाने की सलाह दी।उन्होंने एक नए तरीके के साइबर फ्रॉड के बारे में भी बताया। इसमें जालसाज यूपीकॉप पर उपलब्ध एफआईआर का उपयोग करते हैं। वे वादी या प्रतिवादी का नंबर प्राप्त कर उनसे संपर्क करते हैं और खुद को पुलिसकर्मी बताकर मदद करने या धाराओं में बदलाव का झूठा वादा कर ठगी का प्रयास करते हैं।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette
पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से अपील की कि घटना होने के बाद पुलिस और अन्य एजेंसियां अपना काम करती हैं, लेकिन नागरिकों को इतना जागरूक होना चाहिए कि वे अनावश्यक रूप से सोशल मीडिया पर आने वाली अज्ञात कॉल्स, रिक्वेस्ट या डाउनलोड करने वाली फाइलों से बचें। उन्होंने कहा कि जितनी अधिक जागरूकता होगी, उतना ही इनसे बचा जा सकेगा।कई बार लोग जल्दबाजी में या ध्यान न देने के कारण कुछ जानकारी साझा कर देते हैं। जालसाज इसका फायदा उठाकर किसी व्यक्ति का मोबाइल या व्हाट्सएप हैक कर सकते हैं। इसके बाद वे उस नंबर से संपर्क सूची में मौजूद लोगों को भावनात्मक संदेश भेजकर भी ठगी का शिकार बनाते हैं।एसपी ने जोर दिया कि लोग केवल मैसेज पर विश्वास करने की गलती न करें। यदि कोई मित्र या परिचित के नंबर से किसी तरह की मांग आती है, तो एक बार उससे सीधे बात करके जानकारी को सत्यापित अवश्य कर लेना चाहिए।