बलिया में सोनार से लूट का खुलासा, छह गिरफ्तार; 86,400 रुपये समेत आभूषण और हथियार बरामद

Share
बलिया। नरही थाना क्षेत्र में बीते 15 अगस्त को आभूषण व्यवसायी से हुई लूट का पुलिस ने सफल अनावरण किया है। सर्विलांस/स्वाट टीम और थाना नरही की संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, आठ मोबाइल फोन, 86,400 रुपये नकद, चांदी की दो जोड़ी पायल, पीली धातु की दो नाक की कील, एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।
मुख्य मार्ग पर सोनार से लूटा था बैग
पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त को नरही थाना क्षेत्र के भरौली से गाजीपुर जाने वाले मार्ग पर एक आभूषण व्यवसायी अपनी दुकान बंद कर बेटे के साथ मोटरसाइकिल से घर जा रहा था। उसके पास एक बैग था, जिसमें आभूषण और नकदी रखी थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार बदमाशों ने मुख्य सड़क पर ही उसका बैग लूट लिया और फरार हो गए।पीड़ित की तहरीर पर 16 अगस्त को थाना नरही में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
सीसीटीवी और डंप डाटा से चिन्हित हुए बदमाश
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पीड़ित सोनार और उसके बेटे से विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद घटनास्थल से लेकर दुकान और घर जाने वाले रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस ने डंप डाटा और वीटीएस डाटा का भी विश्लेषण किया।जांच के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल कुल नौ बदमाशों को चिन्हित किया और उनके विरुद्ध इलेक्ट्रानिक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद आरोपितों की गतिविधियों को ट्रैक करते हुए पुलिस ने 20 अगस्त की रात करीब 9:05 बजे बघौना मोड़ के पास घेराबंदी कर दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर दो अन्य आरोपितों को भी दबोच लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *