सम्पूर्ण समाधान दिवस में 32 शिकायतें दर्ज, एसडीएम ने दिए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

Share

नकुड़ (सहारनपुर)। तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी निधि भारद्वाज एवं क्षेत्राधिकारी पवन कुमार ने जनसामान्य की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 32 शिकायतें दर्ज की गईं। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। समाधान दिवस के दौरान सालारपुरा निवासी दिव्यांग अशोक कुमार ने प्रशासन के समक्ष अपनी शिकायत रखते हुए आरोप लगाया कि धारा-229 के मुकदमे में निर्णय के बाद प्रशासन ने उनसे सरकारी भूमि खाली कराकर ग्राम प्रधान की सुपुर्दगी में दे दी थी, लेकिन बाद में उसी भूमि पर गांव के एक दबंग व्यक्ति ने कब्जा कर लिया।read more:https://khabarentertainment.in/prof-dr-rajendra-rajput-receives-guru-shree-2026-award-at-national-level-brings-honour-to-ghazipur/उनका कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद तहसील प्रशासन द्वारा अब तक अवैध कब्जा नहीं हटाया गया। दिव्यांग फरियादी ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उनसे तो सरकारी भूमि खाली करा ली, लेकिन दूसरे व्यक्ति द्वारा किए गए कब्जे को हटाने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध कब्जा हटवाने की मांग की। सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, पूर्ति, विकास तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी पवन कुमार ने थाना प्रभारियों को आगामी कांवड़ यात्रा के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा छोटी से छोटी घटना को भी गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके। समाधान दिवस में तहसीलदार प्रियंक सिंह, नायब तहसीलदार धर्मेंद्र सक्सेना, विजय कुमार, पूर्ति निरीक्षक अजय त्रिपाठी, अतुल मनीषी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *