सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में 2 अगस्त से नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियानष् का शुभारंभ किया जाएगा। उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है। यह अभियान प्रधानमंत्री के राष्ट्रव्यापी संकल्प के तहत शुरू किया जा रहा है। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ 2 अगस्त को प्रधानमंत्री द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री देशभर के युवाओं को संबोधित करेंगे तथा कुछ चयनित शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद भी करेंगे। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में दिखाने के निर्देश शासन की ओर से जारी किए गए हैं। इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव शकील अहमद सिद्दीकी ने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारियों, कुलसचिवों एवं निदेशकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी संस्थानों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।read more:https://khabarentertainment.in/cunning-man-arrested-for-pressuring-woman-into-marriage-through-blackmail/ अभियान के अंतर्गत युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं प्रेरक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें वॉकथॉन, जागरूकता रैली, कला प्रतियोगिता, ध्यान (मेडिटेशन) सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा खेलकूद प्रतियोगिताएं प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया जाएगा। शासन का लक्ष्य इस अभियान के माध्यम से देशभर के 10 हजार से अधिक शिक्षण संस्थानों के लगभग एक करोड़ युवाओं को जोड़ना है। इसके लिए सभी शिक्षण संस्थानों में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। उच्च शिक्षा विभाग ने यह भी निर्देश दिए हैं कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित न रहे, बल्कि इसकी निरंतरता बनाए रखने के लिए आगामी दो वर्षों तक प्रत्येक रविवार को शिक्षण संस्थानों में नशा मुक्ति से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इससे युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित होगी और समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान को नई मजबूती मिलेगी। प्रदेश सरकार का मानना है कि युवा शक्ति को नशे से दूर रखकर ही विकसित भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है। इसी उद्देश्य को लेकर प्रदेशभर के शिक्षण संस्थानों में इस विशेष अभियान की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।