फिरोजाबाद। शहर के थाना उत्तर क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल के प्रबंधक पर तीसरी कक्षा के छात्र के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। पीड़ित छात्र के पिता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। सरोजिनी नगर निवासी शैलेन्द्र कुमार ने दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका पुत्र आर्यन गौतम थाना उत्तर क्षेत्र के इंद्रा नगर रेपुरा स्थित रामा पब्लिक स्कूल में कक्षा तीन का छात्र है।
आरोप है कि कक्षा में ड्राइंग बनाने के दौरान स्कूल के प्रबंधक नररतन जोशी बच्चे को प्रिंसिपल कक्ष में ले गए और हाथों व डंडे से मारपीट की, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान आ गए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब बच्चे के माता-पिता स्कूल पहुंचे और विरोध जताया, तो उनके साथ भी अभद्रता की गई तथा जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद बच्चा स्कूल जाने से डर रहा है। पीड़ित पिता ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपित स्कूल प्रबंधक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।