महराजगंज तराई (बलरामपुर)। दीपावली और लक्ष्मी पूजा के त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को थाना महराजगंज तराई परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी संतोष तिवारी ने की। इसमें क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, ग्राम प्रधानों और गणमान्य लोगों ने हिस्सा लेकर त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा की।बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी संतोष तिवारी ने कहा कि दीपावली और लक्ष्मी पूजा आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का पर्व है। सभी लोग त्योहार को आपसी सहयोग और परंपरागत तरीके से शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। शांति व्यवस्था में खलल डालने वाले अराजकतत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/
थाना प्रभारी ने मौजूद ग्राम प्रधानों और संभ्रांत नागरिकों से क्षेत्र की समस्याओं एवं त्योहार से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक संदेश प्रसारित करने से बचने की अपील की।उन्होंने कहा कि त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने में पुलिस के साथ-साथ आम नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। आपसी तालमेल और सहयोग से ही क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द का वातावरण कायम रखा जा सकता है। पुलिस प्रशासन त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है।बैठक में नंदकुमार वर्मा, मोहम्मद शब्बीर, अखिलेश्वर चौधरी, चरण वर्मा, कलाम प्रधान, हाजी इकबाल, मंगल देव सिंह, मोनू सिंह सहित क्षेत्र के तमाम संभ्रांत नागरिक एवं ग्राम प्रधान मौजूद रहे।