लखनऊ। मरीजों एवं उनके तीमारदारों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के तहत एम्स रायबरेली एवं सेवादान आरोग्य संस्था के मध्य गुरुवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम एम्स रायबरेली की कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर डाक्टर अमिता जैन की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया गया।इस समझौते के अंतर्गत सेवादान आरोग्य संस्था द्वारा एम्स रायबरेली परिसर में मरीजों के तीमारदारों के लिए विश्राम गृह (नाइट शेल्टर) का निर्माण कराया जाएगा। यह सुविधा दूर-दराज़ से उपचार के लिए आने वाले मरीजों के परिजनों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराएगी, जिससे उपचार अवधि के दौरान उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।कार्यक्रम में एम्स रायबरेली की ओर से कर्नल अखिलेश सिंह, उपनिदेशक, एवं सेवादान आरोग्य संस्था की तरफ़ से अमित दास ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए और एमओयू का एक दूसरे से स्थानातंरण किया।read more:https://khabarentertainment.in/administration-gears-up-for-kanwar-yatra-divisional-commissioner-issues-strict-directives/ इस अवसर पर कर्नल उपेंद्र नाथ राय, वित्तीय सलाहकार, तथा इंजीनियर हरीश यादव, अधीक्षण अभियंता सहित संस्थान के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं सेवादान आरोग्य संस्था के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।इस अवसर पर दोनों संस्थाओं ने मरीजों एवं उनके तीमारदारों के हित में मिलकर कार्य करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक संवेदनशील, सुलभ एवं जन-केंद्रित बनाने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर डाक्टर अमिता जैन ने कहा कि मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों के लिए सम्मानजनक आवास की व्यवस्था करना मानवीय सेवा का महत्वपूर्ण आयाम है और यह पहल इसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है।यह पहल सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। सेवादान आरोग्य संस्था द्वारा निर्मित होने वाला विश्राम गृह भविष्य में एम्स रायबरेली आने वाले हजारों मरीजों एवं उनके तीमारदारों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा तथा उन्हें उपचार के दौरान सुरक्षित एवं सुविधाजनक ठहरने की व्यवस्था उपलब्ध कराएगा।