सहारनपुर। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने सहारनपुर मंडल के तीनों जिलाधिकारियों को व्यापक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में अधिक रहने की संभावना है, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।read more:https://pahaltoday.com/american-president-under-siege/
मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने का इंतजार न करते हुए सभी तैयारियां तत्काल प्रभाव से शुरू कर दी जाएं। कांवड़ मार्गों को गड्ढामुक्त कराया जाए, लटकते विद्युत तारों को दुरुस्त किया जाए तथा ट्रांसफार्मर और बिजली के पोलों की बैरिकेडिंग कर उन्हें सुरक्षित बनाया जाए। कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ सभी विद्युत उपकेंद्रों पर 24 घंटे कर्मचारियों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए।उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्गों पर दिशा सूचक संकेतक, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड तथा सहायक मार्गों पर रम्बल स्ट्रिप्स लगाई जाएं ताकि यातायात नियंत्रित रहे। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के प्रवेश एवं निकास बिंदुओं, विशेषकर गागलहेड़ी क्षेत्र में विशेष प्रबंधन के निर्देश भी दिए गए।डॉ. रूपेश कुमार ने कांवड़ मार्गों पर उगी झाड़ियों की सफाई, अस्थायी अतिक्रमण हटाने, शिविर स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पुराने सीसीटीवी कैमरों और पब्लिक एड्रेस सिस्टम को दुरुस्त कर चालू कराया जाए तथा आवश्यकता अनुसार नए कैमरे भी लगाए जाएं। सोशल मीडिया की सतत निगरानी करते हुए अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।मंडलायुक्त ने कहा कि ट्रैफिक डायवर्जन की प्रभावी योजना तैयार की जाए, ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाई जाए तथा एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड के लिए अलग कॉरिडोर सुनिश्चित किया जाए। शिवालयों में भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और साफ-सफाई के लिए सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जाए। उन्होंने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायतों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए स्वयंसेवकों की भी मदद लेने के निर्देश दिए।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी तैयारियां कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले पूर्ण कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके।