बहराइच ( पयागपुर )। थाना पयागपुर क्षेत्र के भूपगंज बाजार स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर शुक्रवार को एक बड़ी लापरवाही के चलते गंभीर रेल हादसा होते-होते बच गया। ट्रेन के आगमन से पूर्व गेटमैन ने नियमानुसार दोनों ओर के रेलवे फाटक बंद कर दिए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक पिकअप के चालक ने यातायात नियमों की खुली अनदेखी करते हुए बंद रेलवे बैरियर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बैरियर क्षतिग्रस्त हो गए और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।read more:https://khabarentertainment.in/administration-gears-up-for-kanwar-yatra-divisional-commissioner-issues-strict-directives/ क्षतिग्रस्त फाटक के कारण कुछ देर तक रेलवे क्रॉसिंग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए स्थिति को संभाला और ट्रेन के क्रॉसिंग तक पहुंचने से पहले आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर दी। उनकी त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ा रेल हादसा टल गया।घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से फरार पिकअप वाहन एवं उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने लोगों से रेलवे फाटक बंद होने पर नियमों का पालन करने और किसी भी प्रकार की जल्दबाजी न करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि यदि समय रहते स्थिति नियंत्रित नहीं होती तो यह घटना एक बड़े हादसे का रूप ले सकती थी।