मऊ। जनपद मुख्यालय स्थित नगरपालिका के कम्यूनिटी हॉल में शिक्षामित्रों के बढ़े मानदेय वितरण को लेकर भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह के सजीव प्रसारण के साथ संपन्न हुआ, जिसे मऊ में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में गरिमामय तरीके से दिखाया गया।read more:https://khabarentertainment.in/honorarium-of-shikshamitras-increased-got-honour-in-the-felicitation-ceremony/समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ए के शर्मा मौजूद रहे। उनके साथ जिला विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे और गोरखपुर से हो रहे लाइव प्रसारण को उत्साहपूर्वक देखा।कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय करमी (रानीपुर) के बच्चों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।मुख्य अतिथि मंत्री ए. के. शर्मा ने बढ़े हुए मानदेय का प्रतीक चेक शिक्षामित्र संगठन के जिलाध्यक्ष बलिराम चन्द्र सिंह, वेद प्रकाश आर्य, देवेश चंद राय, नाजिया परवीन, संगीता, सोनम और नूतन सिंह को अपने हाथों से प्रदान किया।अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि शिक्षामित्र बेसिक शिक्षा की रीढ़ हैं और नामांकन से लेकर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में उनकी अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा 80 प्रतिशत मानदेय वृद्धि का निर्णय शिक्षामित्रों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। साथ ही उन्होंने शिक्षामित्रों से अपेक्षा की कि वे पूरी लगन के साथ शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करें।कार्यक्रम के अंत में आदर्श शिक्षक शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन मऊ के जिलाध्यक्ष बलिराम चन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मंत्री के माध्यम से धन्यवाद ज्ञापन सौंपा।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय, खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार सिंह, धर्मेंद्र कुमार, कल्पनाथ, नसीम अख्तर सहित सैकड़ों शिक्षामित्र मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अरविंद पांडेय ‘वेद’ ने किया।