स्वाइन फ्लू को लेकर जमानियां स्वास्थ्य केंद्र अलर्ट, बेड व दवाओं की व्यवस्था दुरुस्त

Share
गाजीपुर जमानियां। अन्य जिलों में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। जमानियां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर संक्रमण की रोकथाम और मरीजों के उपचार को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। स्वास्थ्य केंद्र परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई के साथ कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक डॉ. रुद्रकांत सिंह ने बताया कि जमानियां क्षेत्र में अभी तक स्वाइन फ्लू के किसी मरीज की पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य केंद्र पर आवश्यक बेड आरक्षित रखने के साथ उपचार में इस्तेमाल होने वाली जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रखने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में एक-दो मरीजों की पहचान हुई है, जिनका समय रहते उपचार शुरू कर दिया गया है।
read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette इसी को देखते हुए जमानियां क्षेत्र में संक्रमण की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है।उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बंद होना, सिरदर्द, शरीर एवं मांसपेशियों में दर्द, थकान और कमजोरी शामिल हैं। विशेष रूप से बुजुर्गों, छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा पहले से किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों में ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए।डॉ. सिंह ने बताया कि बचाव के लिए खांसते या छींकते समय नाक और मुंह को रुमाल अथवा मास्क से ढकना, साबुन-पानी से नियमित हाथ धोना या हैंड सैनिटाइजर का प्रयोग करना जरूरी है। बुखार अथवा खांसी होने पर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचना चाहिए तथा संक्रमित या बीमार व्यक्ति के संपर्क में आने से सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने लोगों से चिकित्सकीय परामर्श के बिना एंटीबायोटिक अथवा अन्य दवाओं का सेवन न करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *