म्योरपुर, सोनभद्र। म्योरपुर-लिलासी मार्ग पर नवटोला गांव के पास शनिवार रात हुए सड़क हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना के बाद मैजिक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, सुपाचुंआ निवासी रविंद्र गोड़ (17) अपने साथी दीपुल (16) के साथ शनिवार रात करीब आठ बजे बाइक से नवटोला गांव जा रहा था। इसी दौरान एयरटेल टावर के समीप सामने से आ रहे एक मैजिक वाहन से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।read more:https://pahaltoday.com/general-ns-raja-subramani-becomes-the-new-cds-of-the-country/टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सक द्वारा जांच के बाद रविंद्र गोड़ को मृत घोषित कर दिया। वहीं दीपुल की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार, मृतक रविंद्र गोड़ राजस्थान स्थित एक क्रशर प्लांट में कार्य करता था और लगभग एक माह पूर्व ही घर लौटा था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इस संबंध में उप निरीक्षक अनंत राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर मर्चरी में रखवा दिया गया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने जेसीबी की सहायता से पलटे हुए मैजिक वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।