मातृशक्तियों को सुरक्षा व साइबर अपराध से बचाव को किया गया जागरूक

Share

सोनभद्र। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोनभद्र पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण के तहत जनपदभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनी अधिकार तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई। पुलिस ने लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बाल विवाह, महिलाओं एवं बच्चों के प्रति हिंसा, साक्षरता और स्वास्थ्य जैसे सामाजिक विषयों पर भी लोगों को जागरूक किया। इसके साथ ही ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और लिंक, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, बैंकिंग धोखाधड़ी तथा ओटीपी किसी के साथ साझा न करने की सलाह देकर साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। पुलिस ने आमजन से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में 112, महिला सुरक्षा के लिए 1090, 1091, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का उपयोग करें। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और समाज में जागरूकता बढ़ाना है।read more:https://khabarentertainment.in/administration-gears-up-for-kanwar-yatra-divisional-commissioner-issues-strict-directives/

मत्स्य विभाग की योजनाओं में आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी
सोनभद्र। वित्तीय वर्ष 2026-27 में मत्स्य विभाग द्वारा संचालित राज्य सेक्टर की विभिन्न योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 5 अगस्त कर दी गई है। पूर्व में आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित थी।सहायक निदेशक मत्स्य शुभम कश्यप ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, सघन मत्स्य पालन हेतु एरेशन सिस्टम स्थापना योजना, उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष के अंतर्गत विभिन्न परियोजनाओं, अंतर्देशीय खारे जल क्षेत्रों में नवीन तालाब निर्माण एवं प्रथम वर्ष निवेश योजना, उत्तर प्रदेश मोती संवर्धन योजना तथा विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ लेने के लिए निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि योजनाओं का विस्तृत विवरण, इकाई लागत, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और दिशा-निर्देश विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध हैं। मत्स्य पालकों, महिला स्वयं सहायता समूहों, युवाओं तथा इच्छुक उद्यमियों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन करें। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी सहायक निदेशक मत्स्य कार्यालय, विकास भवन, सोनभद्र या मत्स्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश के हेल्पलाइन नंबर 0522-2740270 पर संपर्क कर सकते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *