सोनभद्र। आदिवासी बहुल एवं दुर्गम क्षेत्रों में सूचना, शिक्षा और जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम बने आकाशवाणी केंद्र ओबरा के उत्कृष्ट कार्यक्रमों के लिए कार्यक्रम अधिशासी नितिन कुमार वर्मा को सम्मानित किया गया। विंध्य संस्कृति शोध समिति उत्तर प्रदेश ट्रस्ट के निदेशक दीपक कुमार केसरवानी ने उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।वक्ताओं ने बताया कि वर्ष 1993 में तत्कालीन सांसद रामप्यारे पनिका के प्रयासों से स्थापित आकाशवाणी केंद्र ओबरा आज भी आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना एवं संचार का महत्वपूर्ण माध्यम बना हुआ है। केंद्र से स्थानीय भाषा और बोलियों में प्रसारित होने वाले युववाणी, गृह लक्ष्मी, घरनी, ग्राम जगत, किसान वाणी, स्वास्थ्य चर्चा, लोकगीत, हेलो फरमाइश और वटवृक्ष जैसे कार्यक्रम शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, संस्कृति और कानूनी अधिकारों की जानकारी जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। आकाशवाणी केंद्र से प्रसारित परिचर्चाओं और वार्ताओं में जनपद के इतिहासकार, साहित्यकार, पत्रकार, लोक कलाकार, खिलाड़ी, युवा, महिलाएं और आदिवासी समाज के लोग सक्रिय रूप से सहभागिता कर रहे हैं। केंद्र के कार्यक्रम निर्माण और प्रसारण में कार्यक्रम अधिशासी जी.पी. निराला, अजय प्रताप कटिहार तथा एंकर अख्तर अली के योगदान की भी सराहना की गई। इस अवसर पर ट्रस्ट के निदेशक दीपक कुमार केसरवानी ने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों की कमी के कारण केंद्र के संचालन में कठिनाइयां आ रही हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री को पत्र भेजकर आकाशवाणी ओबरा को डिफिकल्ट सेंटर की श्रेणी में शामिल करने तथा यहां कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है, ताकि केंद्र का संचालन और अधिक प्रभावी ढंग से हो सके।reda more:https://khabarentertainment.in/relief-rain-falls-from-the-sky-in-bhadohi-the-carpet-city/
पिपरी पुलिस ने चोरी के मामले में वांछित आरोपी को दबोचा
सोनभद्र। पिपरी थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 20 हजार रुपए कीमत के चोरी के कपड़े, एक मोबाइल फोन और 1,250 रुपये नकद बरामद किए हैं।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पांडेय के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष राजेश जी चैबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह चैकी प्रभारी रेणुकूट उपनिरीक्षक जितेंद्र सरोज अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और वांछित अभियुक्तों की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर मुर्धवा-रनटोला मार्ग स्थित पुलिया के पास से चोरी के मुकदमे में वांछित अयोध्या प्रसाद (39) निवासी सुपाचुआ, थाना म्योरपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से पांच जींस, तीन टी-शर्ट, दो शर्ट, एक फ्रॉक, लावा कंपनी का एक की-पैड मोबाइल फोन तथा 1,250 रुपए नकद बरामद हुए। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने बताया कि बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम तथा चोरी सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।