सोनभद्र। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन के साथ स्कूली बच्चों व वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष नवंबर माह को यातायात माह के रूप में मनाया जाता है। इस दौरान यातायात पुलिस, स्थानीय थाना पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से जागरूकता अभियान चलाने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई का दावा किया जाता है। लेकिन जिले की सड़कों पर दौड़ रहे अनफिट वाहनों की तस्वीर इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। आरोप है कि यातायात माह में भी कार्रवाई का दायरा मुख्य रूप से दोपहिया वाहनों के ई-चालान तक सीमित है, जबकि सवारियों और माल ढोने वाले तमाम अनफिट वाहन बेखौफ सड़कों पर दौड़ रहे हैं।
इसकी बानगी गत बुधवार को बभनी थाना क्षेत्र के घसिया टोला में हुए भीषण सड़क हादसे में देखने को मिली।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/सवारियों से भरी बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में बस चालक समेत दर्जनों यात्री घायल हो गए थे। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बस का रोड टैक्स, बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र समाप्त था। इसके बावजूद बस प्रतिदिन सवारियों को लेकर सड़कों पर फर्राटा भर रही थी। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर नियमित रूप से सवारियां ढो रही इस बस पर जिम्मेदारों की नजर क्यों नहीं पड़ी। यदि वाहन के दस्तावेज वास्तव में समाप्त थे तो यातायात माह में भी उसे सड़क पर चलने की अनुमति कैसे मिलती रही। यही स्थिति वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर भी देखने को मिल रही है। आरोप है कि इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में अनफिट मालवाहक वाहन बेरोकटोक फर्राटा भरते हैं। इन वाहनों की फिटनेस, बीमा और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए अनफिट वाहनों के संचालन की निष्पक्ष जांच कराने और इसमें कथित रूप से संरक्षण देने वाले जिम्मेदार पुलिसकर्मियों व संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।