किसान समस्याओं के समाधान को मंगलवार को होगी अधिकारियों के साथ बैठक

Share
कांठ। किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत और संबंधित विभागों के अधिकारियों के बीच मंगलवार को तहसील सभागार में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक उपजिलाधिकारी मयंक कुंडू की मध्यस्थता में होगी। इसमें किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर उनके निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। इस संबंध में भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पश्चिम उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी मयंक कुंडू से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। दरअसल किसानों की समस्याओं को लेकर बृहस्पतिवार को तहसील सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ त्रिपक्षीय वार्ता प्रस्तावित थी। इसके लिए अधिकारियों को बैठक में पहुंचना था, लेकिन कुछ विभागों के अधिकारियों के उपस्थित नहीं होने के कारण वार्ता नहीं हो सकी। इससे किसानों की समस्याओं पर चर्चा अधूरी रह गई। इस पर उपजिलाधिकारी मयंक कुंडू ने किसान यूनियन के प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मंगलवार को सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को बैठक में बुलाया जाएगा। किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनके निस्तारण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *