सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय में थाना अनपरा और ओबरा के आंशिक रूप से लंबित अभियोगों की समीक्षा किया। इस दौरान एसपी ने संबंधित विवेचकों से प्रत्येक मामले में अब तक की गई कार्रवाई, संकलित साक्ष्यों और शेष विवेचनात्मक कार्यवाही की जानकारी लिया।एसपी ने निर्देश दिया कि लंबित अभियोगों की विवेचना में अनावश्यक देरी न की जाए। सभी मामलों में उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित की जाए। जिन प्रकरणों में विवेचनात्मक कार्यवाही शेष है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर समयबद्ध निस्तारण किया जाए। एसपी ने कहा कि विवेचना के दौरान आने वाली समस्याओं और लंबित बिंदुओं का प्रभावी समाधान किया जाए तथा प्रत्येक मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित हो। किसी भी अभियोग को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने विवेचकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मामलों के निस्तारण में गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।