किरतपुर । सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत श्री देवाशंकर सरस्वती विद्या मन्दिर इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा थाना परिसर के सामने स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक बेहद प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इस नाटक के माध्यम से छात्राओं ने उपस्थित जनसमुदाय को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया।नुक्कड़ नाटक के दौरान छात्राओं ने अपने बेहतरीन अभिनय और दमदार संवादों के जरिए लोगों को स्वच्छता का महत्व और स्वच्छ वातावरण से होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया। नाटक के माध्यम से समाज को यह कड़ा संदेश दिया गया कि सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा रखना केवल सरकार या किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह देश के प्रत्येक नागरिक का परम कर्तव्य है।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/थाना परिसर के सामने आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित पुलिसकर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने छात्राओं के इस प्रयास और उनके अभिनय की जमकर सराहना की। नाटक के जरिए दिया गया यह संदेश वहां मौजूद लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रवण कुमार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों का बोध कराया जा रहा है।उन्होंने जोर देते हुए कहा कि एक स्वच्छ भारत का निर्माण तभी संभव है,जब हर नागरिक स्वच्छता को अपनी आदत और जिम्मेदारी समझकर उसका ईमानदारी से पालन करे।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा,स्वच्छता, अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को विकसित करने के साथ-साथ समाज में एक सकारात्मक और जागरूक संदेश पहुंचाना रहा।