गंगोह। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने गंगोह नगर में दो गरीब परिवारों के सिर से छत छीन ली। अलग-अलग मोहल्लों में दो कच्चे एवं जर्जर मकान ढह जाने से पीड़ित परिवारों का घरेलू सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। मोहल्ला गुजरान निवासी प्रताप पुत्र सुरेश कश्यप का मकान तेज बारिश के दौरान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान के मलबे में गृहस्थी का अधिकांश सामान दबकर खराब हो गया, जिससे परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। वहीं मोहल्ला इलाहीबख्श निवासी दिव्यांग बब्लू पुत्र पूरण का वर्षों पुराना जर्जर मकान भी शुक्रवार सुबह बारिश के कारण ढह गया। बब्लू ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।read more:https://khabarentertainment.in/asp-shubham-agarwal-reviewed-the-beat-police-personnel-at-the-police-office/हादसे के समय परिवार के अन्य सदस्य काम पर गए हुए थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। मकान गिरने से घरेलू सामान पूरी तरह मलबे में दब गया। दिव्यांग बब्लू ने बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान के लिए आवेदन कर रहा है और कई बार अधिकारियों के चक्कर भी लगा चुका है, लेकिन अब तक उसे योजना का लाभ नहीं मिल सका। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार प्रयासों के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हुई। दोनों पीड़ित परिवारों ने शासन और प्रशासन से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा शीघ्र आवास निर्माण की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि वे दोबारा सुरक्षित जीवन शुरू कर सकें।