भदोही। हर घर तिरंगा अभियान-2026 को जन-जन तक पहुंचाने एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से डीएम शैलेश कुमार के निर्देशन में बुधवार को जनपद के विभिन्न विद्यालयों में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की। भारत माता की जय, वंदे मातरम् के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्तिमय हो गया। विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने भी रैली में शामिल होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। डीएम ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं गौरव की सामूहिक अभिव्यक्ति है।read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/ इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के सम्मान एवं देश के प्रति अपने दायित्वों से जोड़ना है। विद्यार्थियों की सहभागिता से अभियान को नई ऊर्जा मिली है और बच्चों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस को उत्साह एवं राष्ट्रीय एकता की भावना के साथ मनाएं। रैलियों के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम के गौरवपूर्ण इतिहास तथा देश के अमर शहीदों के बलिदान से अवगत कराया गया। साथ ही उन्हें अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी हर घर तिरंगा अभियान से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।