म्योरपुर, सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर मंगलवार की रात अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पहली घटना किरबिल गांव में हुई, जहां तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क किनारे पैदल चल रहे 37 वर्षीय श्रवण कुमार पुत्र उदय कुमार निवासी किरबिल को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से उसे सीएचसी म्योरपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सिर में गंभीर चोटें होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दूसरी घटना रासपहरी गांव में हुई।read more:https://khabarentertainment.in/dr-ambedkars-life-is-a-unique-example-of-struggle-education-and-equality-dm/ जानकारी के अनुसार 19 वर्षीय श्यामबाबू निवासी खैराही बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान आश्रम साप्ताहिक बाजार के पास ऑटो से उतरकर सड़क पार कर रही एक महिला को उसने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक और महिला दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सीएचसी म्योरपुर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।