कानपुर देहात पुलिस द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के द्वितीय पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई

Share
कानपुर देहात राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के द्वितीय पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर पुलिस लाइन, कानपुर देहात में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक जनपद कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय द्वारा दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए तथा उनके जीवन, आदर्शों एवं राष्ट्र के प्रति योगदान को स्मरण किया गया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक  ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी जी ने सत्य, अहिंसा एवं सत्याग्रह के सिद्धांतों के माध्यम से देश के स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा प्रदान की तथा सम्पूर्ण विश्व के लिए शांति और अहिंसा का संदेश दिया। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए देश को “जय जवान, जय किसान” का प्रेरणादायी मंत्र दिया।पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने आचरण एवं कार्यशैली में आत्मसात करते हुए सत्यनिष्ठा, अनुशासन, कर्तव्यपरायणता एवं सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया गया।
साथ ही राष्ट्रहित एवं राष्ट्र प्रथम की भावना को सर्वोपरि रखते हुए कानून-व्यवस्था एवं जनसेवा के क्षेत्र में पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा सभी पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता एवं अखण्डता बनाए रखने, अहिंसा के सिद्धांतों का पालन करने तथा विवादों का शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक माध्यमों से समाधान किए जाने की शपथ दिलाई गई।इस अवसर पर गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रदान किए गए ‘अति उत्कृष्ट सेवा पदक’ एवं ‘उत्कृष्ट सेवा पदक’ से सम्मानित अधिकारी/कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा उनकी वर्दी पर पदक लगाकर सम्मानित किया गया तथा उनके उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाकाल के लिए शुभकामनाएं दी गईं।तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा पुलिस विभाग में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिष्ठान वितरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा दोनों महापुरुषों के आदर्शों पर चलने एवं राष्ट्रसेवा के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *