नहटौर। दिव्यदीप ज्ञानपीठ इंटर कॉलेज में मंगलवार देर शाम शुरू हुआ 13वां ऑल इंडिया वॉलीबॉल टूर्नामेंट बुधवार को संपन्न हो गया। रातभर चले टूर्नामेंट में 14 टीमों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में रुड़की की टीम ने बिजनौर को 25-23 के अंतर से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।टूर्नामेंट में मेरठ, मुजफ्फरनगर, हरिद्वार, देहरादून, बिजनौर, शेरकोट, नहटौर, अफजलगढ़, चुर्खेड़ी, कुरुक्षेत्र, लखनऊ, मुरादाबाद, शामली और रुड़की की टीमों ने प्रतिभाग किया। शुरुआती दौर में टीमों के बीच कई रोमांचक मुकाबले हुए। इसके बाद बिजनौर, शामली, रुड़की और मुरादाबाद की टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।पहले सेमीफाइनल में बिजनौर ने शामली को हराया।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/
दूसरे सेमीफाइनल में रुड़की ने मुरादाबाद को शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में रुड़की और बिजनौर के खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों टीमों ने एक-एक अंक के लिए जोर लगाया। अंत में रुड़की ने 25 अंक हासिल किए, जबकि बिजनौर की टीम 23 अंक ही बना सकी।विजेता रुड़की की टीम को 21 हजार रुपये और ट्रॉफी तथा उपविजेता बिजनौर की टीम को 11 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया गया।टूर्नामेंट का शुभारंभ आईडीएफसी बैंक के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर आशीष चौधरी ने किया। इस दौरान प्रबंधक धर्मपाल सिंह आर्य, प्रधानाचार्य विजयपाल सिंह, सत्यवीर चौधरी सोनू, अंकुश चौधरी, लोकेंद्र चौधरी, धनंजय चौधरी, धर्मेंद्र सिंह, हिमांशु ,दारा सिंह, अभिजीत राणा,राजवीर सिंह,और भूपेंद्र तोमर आदि मौजूद रहे।