सोनभद्र। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों को 7.5 लाख तक के निःशुल्क कैशलेस उपचार की सुविधा प्रदान करने वाले चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। इस दौरान लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी देखा गया।मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के 1.28 लाख से अधिक उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं उनके परिवारों को योजना से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम का प्रसारण जनपद सोनभद्र के कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। जनपद में इस कार्यक्रम का आयोजन उच्च शिक्षा के नोडल महाविद्यालय राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा के तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।readmore:https://khabarentertainment.in/staff-nurse-accuses-blood-center-operator-of-sexual-harassment-intimidation-and-mental-harassment-case-registered/उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों के लिए एक मजबूत सामाजिक सुरक्षा कवच है, जिससे वे आर्थिक चिंता से मुक्त होकर पूरी निष्ठा के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकेंगे। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि शिक्षक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत शिक्षकों एवं उनके पात्र आश्रितों को सूचीबद्ध अस्पतालों में 7.5 लाख तक की कैशलेस उपचार सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सहज रूप से मिल सकेंगी। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा के प्राचार्य प्रो. डा. प्रमोद कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उन्होंने योजना को शिक्षकों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे शिक्षकों और उनके आश्रितों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं समय पर उपलब्ध होंगी तथा आकस्मिक उपचार पर होने वाला आर्थिक बोझ कम होगा। कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक (महिला कल्याण) साधना मिश्रा ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला पंचायत सदस्य मोहन सिंह कुशवाहा, डॉ. सुधीर कुमार मिश्रा, डॉ. अंजली विक्रम सिंह सहित जनपद के विभिन्न राजकीय एवं सहायता प्राप्त महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक एवं प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।