लंबित विवेचनाओं पर पुलिस अधीक्षक ने जताई नाराजगी

Share

शक्तिनगर, सोनभद्र। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शनिवार को शक्तिनगर थाने का औचक निरीक्षण किया। एसपी के अचानक थाने पहुंचने से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया।
निरीक्षण की शुरुआत सलामी गार्द की सलामी से हुई। इसके बाद एसपी ने थाना कार्यालय, आगंतुक कक्ष, मालखाना, सीसीटीएनएस प्रणाली, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा अपराध एवं माल मुकदमाती रजिस्टर का बारीकी से निरीक्षण किया।read more:https://pahaltoday.com/raja-singh-gave-five-tips-to-the-forest-dwellers-to-face-the-challenges/ उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अभिलेख अद्यतन रखे जाएं तथा थाने में स्वच्छता और पारदर्शिता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। निरीक्षण के दौरान 60 और 90 दिनों से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए एसपी ने संबंधित विवेचकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का अधिकाधिक उपयोग कर वांछित अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और प्रत्येक विवेचना निष्पक्ष व कानून सम्मत हो। मिशन शक्ति कक्ष, महिला हेल्प डेस्क और साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं एवं बालिकाओं से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही साइबर अपराधों के मामलों को गंभीरता से लेते हुए पीड़ितों को शीघ्र राहत दिलाने पर जोर दिया। एसपी ने थाने के बैरक एवं मेस का भी निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों के रहने और भोजन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। नए आरक्षियों से संवाद करते हुए उन्होंने अनुशासन, ईमानदारी और जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने की सीख दी। ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक में उन्होंने गांवों में सूचना तंत्र को मजबूत करने पर बल देते हुए संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, नियमित गश्त और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण ही पुलिस की प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *