सहारनपुर, । तहसील नकुड़ में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई की। कार्यक्रम में कुल 47 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। समाधान दिवस के दौरान एक भूमि विवाद से जुड़ी शिकायत में पैमाइश के बावजूद कब्जा न दिलाए जाने का मामला सामने आया। जांच में मामला लेखपाल स्तर पर लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने लेखपाल संदीप कुमार (क्षेत्र फतेहपुर जट्ट) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही संबंधित राजस्व निरीक्षक बाबूराम के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनशिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को लंबित रखना गंभीर लापरवाही मानी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भूमि संबंधी मामलों में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।read more:https://pahaltoday.com/problems-of-municipal-bodies-will-be-resolved-quickly-development-plans-will-gain-momentum-dm-anupam-shukla/इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का समाधान निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से किया जाए, जिससे जनता का विश्वास बना रहे। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार, उपजिलाधिकारी सुरेंद्र कुमार, पीडी डीआरडीए प्रणय कृष्ण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के आयोजन से यह स्पष्ट संदेश गया कि प्रशासन जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर है और लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तय है।