गाज़ीपुर, — आगामी 25, 26 और 27 अप्रैल को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश होमगार्ड सीधी भर्ती परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस लाइन गाज़ीपुर के सम्मेलन कक्ष में पुलिस अधीक्षक द्वारा एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।
बैठक के दौरान परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को विस्तृत ब्रीफिंग दी गई। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर भर्ती बोर्ड के मानकों के अनुरूप सुदृढ़ पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसके लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जाए। सभी केंद्रों पर चेकिंग, फ्रिस्किंग और सीसीटीवी निगरानी को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया।
इस बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि, केंद्र प्रभारी पुलिस, जनपदीय कंट्रोल रूम प्रभारी, सीसीटीवी प्रभारी सहित परीक्षा सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी अधिकारी उपस्थित रहे।