बाराबंकी। जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। लोनीकटरा थाना क्षेत्र में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर स्थित त्रिवेदीगंज कट के पास एक तेज रफ्तार निजी एम्बुलेंस ने स्कूटी सवार पति-पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि टक्कर के बाद एम्बुलेंस चालक स्कूटी को लगभग एक किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया और फिर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पुलिस फरार एम्बुलेंस चालक की तलाश में जुटी है। मृतक महिला की पहचान रामावती (पत्नी लक्ष्मी नारायण) के रूप में हुई है, जबकि उनके पति लक्ष्मी नारायण (60 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हैं। दंपति मूल रूप से कबीरपुर, थाना गोसाईगंज, जनपद लखनऊ के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि दोनों अपने साढ़ू अवधेश के घर बुढ़नापुर, त्रिवेदीगंज आए हुए थे। गुरुवार सुबह जब वे स्कूटी से वापस लौट रहे थे और लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर पहुंचे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलपुर की ओर से आ रही एक निजी एम्बुलेंस तेज गति से हाईवे पर दौड़ रही थी। एम्बुलेंस ने सामने चल रही स्कूटी को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि स्कूटी वाहन में फंस गई।read more:https://worldtrustednews.in/yogi-government-working-to-make-youth-skilled-in-line-with-industry-demand/ हादसे के बाद चालक वाहन रोकने के बजाय स्कूटी को लगभग एक किलोमीटर तक घसीटता हुआ त्रिवेदीगंज नहर के पास ले गया। इसके बाद वह स्कूटी को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस भयावह दृश्य को देखकर आसपास मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) त्रिवेदीगंज पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने रामावती को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी नारायण की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों को घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद प्रधान प्रतिनिधि महेश वर्मा ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि यदि समय पर बेहतर उपचार मिलता तो घायल की स्थिति और बेहतर हो सकती थी। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस आरोप पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लोनीकटरा थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। महिला की मौत के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने एम्बुलेंस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही एम्बुलेंस की पहचान कर उसे कब्जे में लेने की कार्रवाई भी की जा रही है।