सोनभद्र। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सोमवार को करमा ब्लॉक में ब्लॉक स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा पांच से आठ तक के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग कराया गया। प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य तथा सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. प्रसन्न पटेल मौजूद रहे। विधायक ने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों का अवलोकन किया और बच्चों से प्रतियोगिता की थीम के संबंध में बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में कम्पोजिट विद्यालय बट की साक्षी चैहान ने प्रथम स्थान हासिल किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय बैडाड़ के आकाश ने द्वितीय तथा कम्पोजिट विद्यालय सरौली के आर्यन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कम्पोजिट विद्यालय भटौलिया के अखिलेश कुमार चैथे और कम्पोजिट विद्यालय बघोर की नीतू पांचवें स्थान पर रहीं। अतिथियों ने सभी प्रतिभागी बच्चों के प्रयास की सराहना करते हुए विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। ब्लॉक स्तर पर शीर्ष पांच स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी अब जनपद स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।