सहारनपुर, । जनपद में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरसावा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए आईपीएल सट्टेबाजी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 7 शातिर सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से भारी मात्रा में नकदी, मोबाइल फोन और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।read more:https://pahaltoday.com/numerical-strength-has-special-importance-in-democracy-dr-neeraj-bora/
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर के निर्देशन में जुआ, शराब और सट्टा जैसे अवैध कारोबारों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी नकुड़ के पर्यवेक्षण में तथा थानाध्यक्ष सरसावा श्री प्रवेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 1 मई 2026 को देहरादून-अंबाला हाईवे स्थित रायपुर रोड पर बाबा दा ढाबा के पास खाली पड़ी जगह पर खड़ी दो कारों से आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान मनोज कुमार, अजय कुमार, विशाल कुमार, धीरज कुमार, उत्तम कुमार, अर्शदीप और धर्मपाल के रूप में हुई है। इनमें से अधिकांश आरोपी हरियाणा के यमुनानगर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि एक आरोपी शामली जिले से संबंधित है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1 लाख 27 हजार रुपये नकद, 15 मोबाइल फोन, 3 रजिस्टर, 1 कैलकुलेटर और 2 कारें (होंडा अमेज व क्रेटा) बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये आरोपी आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा लगवा रहे थे तथा मोबाइल फोन और रजिस्टर के माध्यम से पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहे थे। बरामदगी के आधार पर थाना सरसावा में आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 8 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस गिरोह के तार अन्य जिलों और राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। इसलिए इनके नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि सट्टेबाजी के इस अवैध कारोबार को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। इस कार्रवाई को लेकर पुलिस प्रशासन का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं भी सट्टेबाजी या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध सट्टेबाजी पर बड़ा अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।