रेवती(बलिया) साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रेवती पुलिस एवं साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के दो मामलों में पीड़ितों को कुल 45 हजार रुपये की पूरी धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर ठगी के शिकार दोनों पीड़ितों को बड़ी राहत मिली है।पहले मामले में रेवती थाना क्षेत्र के दक्षिण टोला पानी टंकी निवासी सविता देवी पत्नी छोटेलाल वर्मा के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) खाते से अज्ञात साइबर अपराधियों ने 4 नवंबर 2025 को फर्जी तरीके से 15 हजार रुपये ऑनलाइन ठग लिए थे। पीड़िता ने मामले की शिकायत NCRP/MRM पोर्टल पर दर्ज कराई थी, जिसकी पावती संख्या 33111250160610 थी।इसी प्रकार दूसरे मामले में रेवती थाना क्षेत्र के श्रीकांतपुर निवासी ऋषभ कुमार प्रसाद के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) खाते से 23 नवंबर 2025 को साइबर अपराधियों ने दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से 10 हजार और 20 हजार रुपये, कुल 30 हजार रुपये की ठगी की थी।read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/ इस मामले में NCRP पोर्टल पर 33111250167595 पावती संख्या से शिकायत दर्ज कराई गई थी।दोनों मामलों में पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह तथा अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी)/नोडल साइबर सेल संजय वर्मा के निकट पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक कुमार गुप्ता तथा थानाध्यक्ष रेवती अनिल कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व में थाना रेवती पुलिस एवं साइबर टीम ने संबंधित बैंकों और नोडल अधिकारियों से तत्काल पत्राचार कर ठगी की धनराशि को होल्ड कराया।पुलिस की लगातार पैरवी और NCRP/MRM पोर्टल के माध्यम से किए गए प्रयासों के बाद सविता देवी के खाते में 15 हजार रुपये तथा ऋषभ कुमार प्रसाद के खाते में 30 हजार रुपये की पूरी धनराशि सफलतापूर्वक रिफंड करा दी गई।धनराशि वापस मिलने पर दोनों पीड़ितों ने बलिया पुलिस और थाना रेवती पुलिस टीम के प्रति आभार जताते हुए पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी गई रकम को समय रहते होल्ड कराकर वापस कराने की कार्रवाई की जा सके।