जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर का 39वां स्थापना दिवस समारोह शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर में गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री एवं विश्वविद्यालय के संस्थापक वीर बहादुर सिंह जी की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।कार्यक्रम में अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने स्वागत करते हुए कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह का ऑनलाइन प्राप्त संदेश प्रस्तुत किया। कुलपति ने संदेश में कहा कि विश्वविद्यालय की 39 वर्षों की विकास यात्रा सामूहिक परिश्रम, समर्पण एवं सहयोग का परिणाम है। सामूहिक प्रयासों से विश्वविद्यालय को विकास और उपलब्धियों की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं सेवा तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध, नवाचार, अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को विश्वविद्यालय की प्राथमिकता बताया।read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/कुलपति ने कहा कि शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं समर्पण से निर्वहन करें, तो विश्वविद्यालय की उपलब्धियां और अधिक गौरवपूर्ण होंगी। उन्होंने विद्यार्थियों से अध्ययन के साथ खेल एवं शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने तथा ज्ञान, संस्कार, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ आचार्य प्रो. मानस पांडेय ने विश्वविद्यालय की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, सेवा एवं राष्ट्रहित की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी राज नारायण सिंह एवं उनकी टीम द्वारा रामधुन प्रस्तुत की गई। एनसीसी कैडेट्स ने साइकिल यात्रा निकालकर स्वच्छता, अनुशासन, स्वास्थ्य एवं राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।अंत में मुख्य कुलानुशासक प्रो. अजय प्रताप सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।