बहराइच ( महसी )l जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर नकेल कसते हुए बौंडी पुलिस और क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम को बुधवार रात बड़ी सफलता हाथ लगी। खैरा बाजार से आगे कुदई मार्ग पर हुई पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर असलम पुलिस की गोली से घायल हो गया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों के खुलासे के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में स्वाट टीम प्रभारी और थानाध्यक्ष बौंडी को संदिग्धों पर निगरानी के लिए लगाया गया था। 24/25 जून की रात करीब 1 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि खैरा बाजार से आगे कुदई मार्ग पर कुछ बदमाश एकत्र होकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए स्वाट टीम और बौंडी पुलिस की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान की घेराबंदी की। कुछ ही देर में एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की।read more:https://pahaltoday.com/bangladesh-foreign-minister-who-met-jaishankar-said-send-sheikh-hasina-back/ पुलिस द्वारा पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने तत्काल जवाबी कार्रवाई करते हुए आत्मरक्षार्थ फायर किया। इस दौरान एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई और वह बाइक सहित गिर पड़ा। बाकी दो बदमाश रात के अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहे। गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर का आपराधिक इतिहास-घायल बदमाश की पहचान असलम पुत्र नदीम निवासी ग्राम सारांय मेहराबाद, थाना रामगांव, बहराइच के रूप में हुई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार असलम थाना रामगांव का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है। वह थाना फखरपुर से गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहा था और पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। असलम के खिलाफ जिले के रामगांव, फखरपुर, बौंडी समेत कई थानों में चोरी, नकबजनी और गैंगस्टर एक्ट के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। मौके से असलहा और चोरी का माल बरामद-गिरफ्तार असलम की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक देसी तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, 16 हजार रुपये नकद, सफेद धातु की दो जोड़ी पायल और आठ बिछिया बरामद हुईं। पुलिस का मानना है कि बरामद जेवरात और नकदी हाल ही में हुई चोरियों से संबंधित हैं। फरार साथियों की तलाश तेज-मुठभेड़ में फरार हुए दो बदमाशों में से एक की पहचान फिरोज निवासी थाना बौंडी क्षेत्र के रूप में हुई है। दूसरे की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण-मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी कैसरगंज समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एसपी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अधीनस्थों को फरार बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस टीम के साहस की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। घायल हिस्ट्रीशीटर असलम को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।