बड़हलगंज। क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बेलसड़ी गांव में मिट्टी खनन में लगे एक लोडर को पकड़कर सीज कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह पुलिस को बेलसड़ी गांव में अवैध रूप से मिट्टी खनन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके पर मिट्टी ढो रहे एक लोडर को रोककर उसकी जांच की। इस दौरान चालक से वाहन के आवश्यक कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर कोतवाली पहुंचाया और उसे सीज कर दिया।read more:https://pahaltoday.com/development-work-in-lakhimpur-kheri-district-exposed-ghazipur-bridge-becomes-a-death-trap/ प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। जांच के दौरान वाहन चालक द्वारा कोई वैध कागजात प्रस्तुत न किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए लोडर को सीज किया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति या वाहन को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध खनन पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से ऐसे अभियान लगातार चलाने की मांग की है, ताकि राजस्व की क्षति और पर्यावरण को होने वाले नुकसान को रोका जा सके।