गंगोह। सावन माह में शिवभक्तों की आस्था के प्रमुख केंद्र गुड़छप्पर स्थित ऐतिहासिक प्राचीन शिव मंदिर तक जाने वाला मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और उखड़ा कंक्रीट श्रद्धालुओं, छात्रों तथा ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से शीघ्र सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। गुड़छप्पर का प्राचीन शिव मंदिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। सावन माह में यहां जलाभिषेक के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जबकि प्रत्येक सोमवार को हजारों श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। ऐसे में जर्जर सड़क के कारण लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर मार्ग पर वर्षभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण यह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क पर बने गड्ढों से दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कई स्थानों पर सड़क की कंक्रीट परत उखड़ जाने से पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को भी कठिनाई हो रही है।read more:https://khabarentertainment.in/relief-rain-falls-from-the-sky-in-bhadohi-the-carpet-city/स्थानीय लोगों ने बताया कि कांवड़ यात्रा शुरू होने के साथ ही आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की संख्या और बढ़ेगी। जलाभिषेक के अवसर पर हजारों शिवभक्त इस मार्ग से होकर मंदिर पहुंचते हैं। यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो हादसों की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से तत्काल मार्ग की मरम्मत कराकर श्रद्धालुओं और आम लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग की जूनियर इंजीनियर मीनाक्षी सिंह ने बताया कि मार्ग की स्थिति का संज्ञान लिया गया है और जल्द ही सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि सावन माह में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।