गाजीपुर। मिशन शक्ति अभियान फेज 6.0 के पांचवें दिन सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल में करियर गाइडेंस कार्यक्रम और साइबर सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में करीब 300 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। अधिकारियों और विशेषज्ञों ने छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, सरकारी सेवाओं में करियर बनाने तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर (नोडल अधिकारी) और क्षेत्राधिकारी नगर ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क मार्गदर्शन और प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। छात्राओं को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी), अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, एनडीए, सीडीएस, जेईई मेन, नीट, बैंकिंग, एसएससी, बीएड और टीईटी सहित अन्य परीक्षाओं की तैयारी, पात्रता तथा पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
सफलता के लिए सही रणनीति और नियमित अध्ययन पर जोर
समाज कल्याण विभाग के विशेषज्ञों, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के इंचार्ज, समन्वयक और विभिन्न सेवाओं में सफल महिला अधिकारियों ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं के पाठ्यक्रम, तैयारी की रणनीति और उपलब्ध शैक्षिक अवसरों के बारे में बताया। छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette
साइबर ठगी से बचने के बताए उपाय
कार्यशाला में छात्राओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सोशल मीडिया पर होने वाली धोखाधड़ी और वित्तीय साइबर ठगी से बचाव के तरीके बताए गए। यूपी पुलिस के आधिकारिक यूट्यूब और सोशल मीडिया माध्यमों से प्रसारित साइबर सुरक्षा कार्यशाला से भी छात्राओं को जोड़ा गया। उन्हें संदिग्ध लिंक से बचने, ऑनलाइन लेनदेन में सतर्कता बरतने और साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी पल्लवी सिंह, मिशन शक्ति प्रभारी, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी कोतवाली, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के ट्यूटर अमित श्रीवास्तव और मनीष त्रिपाठी, जेडीओ आनंद पाण्डेय, एसपीओ संजीव एवं देवेंद्र सिंह सहित पुलिसकर्मी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। विद्यालय की उपप्रधानाचार्या सिस्टर प्रदीप और सिस्टर सीमा की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा, करियर और सुरक्षा के प्रति जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाना रहा।